शहडोल: चुनाव की आहट, से याद आई जनता, विकास यात्रा जनता की भलाई या भाजपा का चुनावी पैंतरा , एक महीना कार्यालय से नदारद रहेंगे अधिकारी
चुनाव की आहट, से याद आई जनता, विकास यात्रा जनता की भलाई या भाजपा का चुनावी पैंतरा , एक महीना कार्यालय से नदारद रहेंगे अधिकारी
शहडोल (संजय गर्ग) । केजनता जनार्दन की पसंद को दिखाकर खरीद फरोख्त के सहारे मध्यप्रदेश में पुनः अपनी सरकार बनाने वाली भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव 2023 का डर सताने लगा है। मध्य प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस पार्टी को सत्ता का सिंहासन सौंपा था। लेकिन भाजपा को जनता जनार्दन का यह फैसला बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने कांग्रेस के अंदर मौजूद विभीषण को अपनी तरफ मिलाकर जनादेश को ठेंगा दिखाते हुए 2020 में पुनः मध्य प्रदेश के सत्ता का सिंहासन हासिल कर लिया। अब संभवतः अगला विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में होने वाला है, जिसे देखते हुए भाजपा सरकार आम जनता का पैसा पानी की तरह बहाते हुए शहडोल जिला सहित पूरे मध्य प्रदेश में विकास यात्रा निकाल रही है। बीस साल के भाजपा शासनकाल में शहडोल जिले का कितना बुनियादी विकास हुआ है, यह आम जनता से बेहतर और कोई नहीं जानता। शहडोल जिले के सभी विकासखण्ड में भाजपा की विकास यात्रा सरकारी मशीनरी के देखरेख में निकाली जाएगी। मतलब जब तक दिखावे वाली भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा चलेगी, तब तक सरकारी विभागों में जनता जनार्दन से जुड़े कोई कामकाज नहीं होंगे। अब जब सरकारी मशीनरी भाजपा की विकास यात्रा को सफल बनाने में लगी रहेगी तो भला जनता की सुनवाई कौन करेगा। सभी जिलों के कलेक्टर के माध्यम से भाजपा सरकार ने सरकारी मशीनरी की ड्यूटी भाजपा विकास यात्रा को मुकम्मल बनाने में लगा दी है। फरवरी महीने में कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालय में आम जनमानस के कामकाज विकास यात्रा की वजह से नहीं हो पाएंगे।
गौरव दिवस के नाम पर जनता का पैसा जमकर उड़ाया
कुछ दिनों पहले ही शहडोल नगर पालिका परिषद द्वारा पहली बार गौरव दिवस नामक आयोजन शहर में किया गया था। भाजपा सरकार के गुणगान पर आधारित गौरव दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनता का पैसा पानी की तरह बहाया गया। इस गौरव दिवस से आम जनता को क्या हासिल हुआ, इसका जवाब तो हर कोई जानता है। महंगाई, बेरोजगारी जैसे जनहित के मुद्दों से भागने वाली भाजपा सरकार समय समय पर ऐसे आयोजन करती रहती है, जिससे की जनता जनार्दन हमेशा भटकती रहे और जनहित के मुद्दों पर कोई सवाल न उठाए। शहडोल नगर पालिका परिषद द्वारा गौरव दिवस का आयोजन करने के लिए बजट कहां से निकाला गया है, यह आम जनता अच्छी तरह जानती है। बहरहाल गौरव दिवस के बाद भाजपा विकास यात्रा के सहारे मध्यप्रदेश में पुनः सरकार बनाने का सपना भाजपा जरुर मजबूती से देख रही है।
