पिरामल फाउंडेशन के साथ भविष्य की तकनीक से रूबरू होंगे विद्यार्थी, ए.आई. समर कैंप शुरू
अनूपपुर। जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त समन्वय से जिले में ए.आई. समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, अनूपपुर सरिता नायक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्र समन्वयक एस. के. बाजपेयी की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीड आदित्य जैन एवं ए.आई. एम्बेसडर शिवेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। Code.org की गाइडलाइन के अनुरूप आयोजित इस समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ) की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराया गया। साथ ही उन्हें यह जानकारी भी दी गई कि ए.आई. का उपयोग पठन-पाठन, रचनात्मक कार्यों एवं दैनिक जीवन में सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किस प्रकार किया जा सकता है।
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ए.आई. की बुनियादी समझ विकसित की। यह पहल विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल, नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जनजातीय कार्य विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अनूपपुर में आयोजित ए.आई. समर कैंप के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अधिकारी, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी।
