शहडोल : मां काली मंदिर सिंहपुर बना लोक न्यास, सर्वसम्मति से गठित हुई पहली कार्यसमिति ,एसडीएम लोक न्यास ने जारी किए आदेश, ऑनलाइन बैंक खाते और QR स्कैनर से होगा मंदिर की आय-व्यय का संचालन
मां काली मंदिर सिंहपुर बना लोक न्यास, सर्वसम्मति से गठित हुई पहली कार्यसमिति ,
एसडीएम लोक न्यास ने जारी किए आदेश, ऑनलाइन बैंक खाते और QR स्कैनर से होगा मंदिर की आय-व्यय का संचालन
शहडोल। ( निशांत संजय गर्ग)। मां काली मंदिर सिंहपुर एवं मंदिर परिसर को मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियम, 1951 के अंतर्गत विधिवत लोक न्यास के रूप में पंजीकृत किए जाने के बाद ट्रस्ट की प्रथम कार्यसमिति का गठन कर दिया गया है। न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं पंजीयक लोक न्यास, सोहागपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार सदस्यता प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आयोजित प्रथम सामान्य सभा में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसके साथ ही मंदिर के प्रशासन, आय-व्यय और विकास कार्यों को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
लोक न्यास अधिनियम के तहत हुआ पंजीयन
न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी एवं पंजीयक लोक न्यास, सोहागपुर द्वारा जारी प्रमाणपत्र में उल्लेख किया गया है कि “मां काली मंदिर लोक न्यास, सिंहपुर, तहसील सोहागपुर, जिला शहडोल” का मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियम, 1951 के तहत विधिवत पंजीयन किया गया है। प्रमाणपत्र 27 जुलाई 2026 को न्यायालय की पदमुद्रा के साथ जारी किया गया।
सदस्यता प्रक्रिया पूरी होने के बाद हुई पहली सामान्य सभा
आदेश के अनुसार मंदिर ट्रस्ट की सदस्यता के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर इच्छुक लोगों को सदस्य बनाया गया। सदस्यता प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 15 जुलाई 2026 को प्रथम सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति संबंधी पत्रों सहित प्राप्त आवेदनों पर विचार किया गया तथा सर्वसम्मति से कार्यसमिति का गठन किया गया।
इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
प्रथम कार्यसमिति में सर्वसम्मति से सभी पदाधिकारियों का चयन किया गया जिसमें अध्यक्ष शिवनारायण द्विवेदी, पिता रामनारायण द्विवेदी, निवासी सिंहपुर, उपाध्यक्ष मनीष शुक्ला पिता स्वर्गीय रामचन्द्र शुक्ला ग्राम नरगी, सह सचिव श्रवण श्रीवास्तव पिता स्व. राजेश कुमार श्रीवास्तव, निवासी सिंहपुर, सह कोषाध्यक्ष दीपेश तिवारी, पिता जगदीश प्रसाद तिवारी, निवासी सिंहपुर , स्थायी सदस्य जगदीश प्रसाद तिवारी, पिता स्व. रोहणी प्रसाद तिवारी, निवासी सिंहपुर को बनाया गया है
तहसीलदार और नायब तहसीलदार करेंगे सहयोग
जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मां काली मंदिर लोक न्यास से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तहसीलदार सोहागपुर एवं नायब तहसीलदार सिंहपुर के सहयोग से सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि मंदिर का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
बैंक खाता और QR स्कैनर खोलने के निर्देश
पंजीयक लोक न्यास ने आदेश में यह भी निर्देशित किया है कि मां काली मंदिर लोक न्यास के नाम से अविलंब बैंक खाता खोला जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और वित्तीय पारदर्शिता के लिए QR स्कैनर भी स्थापित किया जाए। मंदिर की समस्त आय-व्यय की गतिविधियां ऑनलाइन बैंक खाते के माध्यम से संचालित की जाएंगी, जिससे आर्थिक लेन-देन का व्यवस्थित रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।
पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मंदिर को लोक न्यास के रूप में पंजीकृत किए जाने और पहली कार्यसमिति के गठन के बाद अब धार्मिक, सामाजिक एवं विकास संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए संस्थागत व्यवस्था तैयार हो गई है। बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से दान एवं अन्य आय का पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित होगा तथा मंदिर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


