संभागीय कार्यालय कोष एवं लेखा संचालन हेतु मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
शहडोल । मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा संभागीय मुख्यालय शहडोल में कोष एवं लेखा का संभागीय कार्यालय प्रारंभ किए जाने की मांग को शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
राजेन्द्रग्राम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक संघ की संभागीय इकाई शहडोल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय प्रकोष्ठ प्रमुख जनजातीय कार्य विभाग अनिल कुमार सिंह एवं संभागीय अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा के नेतृत्व में सांसद से सौहार्द भेंट कर समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि शहडोल संभाग में कोष एवं लेखा का संभागीय कार्यालय संचालित नहीं होने से कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के भुगतान संबंधी कार्यों के लिए रीवा कार्यालय जाना पड़ता है, जिससे समय एवं आर्थिक व्यय दोनों बढ़ते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शहडोल मुख्यालय पर शीघ्र कोष एवं लेखा का संभागीय कार्यालय संचालित किया जाए, ताकि संभाग के कर्मचारियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
सांसद हिमाद्री सिंह ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आयुक्त कोष एवं लेखा भोपाल से दूरभाष पर चर्चा कर शहडोल में कार्यालय संचालन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त कोष एवं लेखा द्वारा समस्या के शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय प्रकोष्ठ प्रमुख अनिल कुमार सिंह, संभागीय अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, संभागीय संगठन मंत्री डॉ. नरेन्द्र पटेल, संभागीय सचिव हरिहर प्रताप सिंह तथा जिला सचिव शहडोल विनोद सिंह उपस्थित रहे।
