पाली-नौरोजाबाद की बदहाल हाईवे सड़क पर युवा टीम उमरिया का बड़ा कदम, एसडीएम को सौंपा पत्र
उमरिया। पाली एवं नौरोजाबाद क्षेत्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हाईवे मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर युवा टीम उमरिया, मध्यप्रदेश ने जनहित में गंभीर पहल की है। पाली कन्या एवं बॉयज विद्यालय, जीरो ढाबा, उचेहरा मंदिर गेट होते हुए पठारी रेलवे फाटक एवं नौरोजाबाद के आगे तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, क्षतिग्रस्त सड़क एवं अधूरे निर्माण कार्य के कारण इस मार्ग पर आवागमन लोगों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बन गया है।इस गंभीर जनसमस्या को लेकर युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने माननीय एसडीएम महोदया, बिरसिंहपुर पाली को पत्र सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत एवं अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की।
विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी चिंता का विषय
युवा टीम उमरिया ने अपने पत्र में बताया कि उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कन्या एवं बॉयज विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, ग्रामीण, स्थानीय नागरिक तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन गुजरते हैं। विद्यालयों के आसपास सड़क की खराब स्थिति विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से चिंताजनक है।
बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को आवागमन के दौरान अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, सड़क के अधूरे निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
एसडीम महोदया ने मौके पर ही लिया तत्काल संज्ञान
युवा टीम उमरिया द्वारा सौंपे गए पत्र पर एसडीएम महोदया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही सड़क से जुड़े संबंधित अधिकारियों को फोन किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम महोदया की इस त्वरित पहल से क्षेत्रवासियों एवं आम नागरिकों में सड़क की समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है। युवा टीम उमरिया ने प्रशासन की तत्परता के लिए एसडीएम महोदया का आभार व्यक्त किया।
प्रशासन से सड़क सुधार एवं अधूरे कार्य पूर्ण कराने की मांग
युवा टीम उमरिया ने संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर पूरे मार्ग का स्थल निरीक्षण कराने, बड़े-बड़े गड्ढों की तत्काल मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़क का सुधार तथा लंबे समय से रुके निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
इसके साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने तक मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है, ताकि विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
“यह सिर्फ सड़क का मुद्दा नहीं, सुरक्षा का सवाल है”
युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और रोजाना आवागमन करने वाले नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। यह केवल सड़क की मरम्मत का विषय नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा है।
उन्होंने कहा कि युवा टीम उमरिया विगत वर्षों से समाजहित एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष जिम्मेदारी के साथ उठाती रही है और आगे भी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
युवा टीम उमरिया ने उम्मीद जताई कि एसडीएम महोदया द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई करते हुए पाली-नौरोजाबाद के इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति में सुधार किया जाएगा।इस दौरान हिमांशु तिवारी, राहुल सिंह, अभिनव द्विवेदी एवं सभी उपस्थित रहे।
