उमरिया : मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर तीन दिवसीय खेलों का शुभारंभ , मां बिरासिनी क्रिकेट स्टेडियम पाली में फुटबॉल मैच का आयोजन विजेता को मिला विनर कप
मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर तीन दिवसीय खेलों का शुभारंभ ,
मां बिरासिनी क्रिकेट स्टेडियम पाली में फुटबॉल मैच का आयोजन विजेता को मिला विनर कप
उमरिया । म.प्र. शासन के निर्देशानुसार उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया के मार्गदर्शन पर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस व राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा मां बिरासिनी क्रिकेट स्टेडियम पाली में फुटबॉल मैच व विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। खेल कार्यक्रम उद्घाटन में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उप महानिरीक्षक शहडोल रेंज (डीआईजी) सविता सोहाने,पाली एसडीपीओ शिवचरण बोहित,पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा व खेल संयोजक हिमांशु तिवारी ने मेजर ध्यान चंद की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक शहडोल रेंज (डीआईजी) सविता सोहाने ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करता है। मौके पर उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व से अवगत कराना और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रेरणादायक जीवनी से परिचित कराना था। मेजर ध्यानचंद का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की सीख देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम एक खेल को एक घंटा अपनाने का आह्वान किया ।
खेल संयोजक हिमांशु तिवारी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद को दुनियाभर में हॉकी का जादूगर कहा जाता है। कार्यक्रम में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विनर कप, स्मृति चिन्ह, मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी को खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और खेल जगत में आगे बढ़ने की शपथ दिलाई गई।इस दौरान एसडीपीओ शिवचरण बोहित,पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ,खेल संयोजक हिमांशु तिवारी,खुशी सेन ,कोच योगेंद्र सिंह,कोच पवन,राहुल सिंह, अभिनव द्विवेदी ,शिखा बर्मन, वैष्णवी बर्मन, सौरभ पांडेय व सभी खिलाडी उपस्थित रहे।
