शहडोल / जयसिंहनगर : फर्जी समूह के दम पर रामानंद का जादू ! , शारदा स्वसहायता समूह में लाखों के कथित फर्जीवाड़े का आरोप, बच्चों के निवाले पर भी सवाल
फर्जी समूह के दम पर रामानंद का जादू ! ,
शारदा स्वसहायता समूह में लाखों के कथित फर्जीवाड़े का आरोप, बच्चों के निवाले पर भी सवाल
शहडोल (निशांत संजय गर्ग)। शासन की योजनाओं के संचालन में यदि कागजों का जादू हकीकत पर भारी पड़ने लगे तो भ्रष्टाचार की पटकथा तैयार होने में देर नहीं लगती। शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लखनौटी के ग्राम दुआरी से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां शारदा स्वसहायता समूह के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर समूह का संचालन किया जा रहा है और इसके माध्यम से शासकीय खाद्यान्न एवं राशि के दुरुपयोग का खेल चल रहा है।
मामला केवल समूह के पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन की महत्वपूर्ण मध्यान्ह भोजन योजना (MDM) के संचालन और बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता से भी जुड़ा हुआ है। अब सवाल यह है कि जिस व्यवस्था का उद्देश्य गरीब और आदिवासी बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, उसी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ रही?
आंगनबाड़ी से स्कूल तक समूह का संचालन!
जानकारों एवं ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शारदा स्वसहायता समूह के माध्यम से लगभग चार स्थानों पर मध्यान्ह भोजन का संचालन किया जा रहा है। इनमें आंगनबाड़ी केंद्र दुआरी, प्राथमिक शाला आहारिया टोला, शासकीय प्राथमिक शाला दुआरी एवं माध्यमिक शाला दुआरी शामिल हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समूह के संचालन में पारदर्शिता का अभाव है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी आए दिन सवाल उठते रहे हैं। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह केवल विभागीय लापरवाही नहीं, बल्कि उन बच्चों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है, जिनके लिए सरकार प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च करती है।
निम्न गुणवत्ता का भोजन, बच्चों के स्वास्थ्य पर सवाल
मध्यान्ह भोजन योजना का मूल उद्देश्य बच्चों को विद्यालय में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी सेहत और शिक्षा दोनों बेहतर हो सकें। लेकिन ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार बच्चों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप भोजन नहीं मिल रहा है।
लगातार घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसे जाने और बच्चों के बीमार पड़ने संबंधी शिकायतों की भी चर्चा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन सवाल यह है कि क्या विभागीय अधिकारियों ने कभी भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का वास्तविक निरीक्षण किया?
एक ही नाम पर दो समूह! गुड़िया और गायत्री की भूमिका भी जांच के दायरे में
इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू समूह के दस्तावेजों से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि एक ही व्यक्ति के नाम पर दो अलग-अलग स्वसहायता समूहों का संचालन किया जा रहा है।
वहीं गुड़िया और गायत्री नाम की महिलाओं की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि समूह के पंजीयन दस्तावेजों, सदस्य सूची, बैंक खातों, प्रस्ताव पुस्तिका और संचालन संबंधी अभिलेखों की बारीकी से जांच की जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
सवाल यह है कि क्या विभाग ने कभी समूह के वास्तविक सदस्यों और दस्तावेजों में दर्ज नामों का भौतिक सत्यापन कराया है? यदि नहीं, तो वर्षों से संचालित व्यवस्था की जवाबदेही आखिर किसकी है?
कच्चे अनाज की कालाबाजारी के आरोप, लाखों के खेल की आशंका
शारदा स्वसहायता समूह के संचालक पर चावल, गेहूं सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के कथित दुरुपयोग और कालाबाजारी के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार समूह के माध्यम से लंबे समय से खाद्यान्न के आवंटन, उठाव और वास्तविक उपयोग में कथित गड़बड़ियां की जा रही हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही संभव है, लेकिन यदि खाद्यान्न के स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी, बिल-वाउचर और वास्तविक खपत का मिलान कराया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि शासन से बच्चों के भोजन के लिए आवंटित होने वाला अनाज आखिर बच्चों की थाली तक पहुंच रहा है या फिर बीच रास्ते में ही कहीं और पहुंच रहा है?
अधिकारियों की अनभिज्ञता या निगरानी व्यवस्था पर सवाल?
मामला सामने आने के बाद अब निगाहें विभागीय अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या शारदा स्वसहायता समूह के पंजीयन से लेकर उसके वास्तविक संचालन तक की जांच होगी? क्या समूह के सदस्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा? क्या खाद्यान्न के आवंटन और वितरण का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा?
यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है तो समूह के संचालन से लेकर खाद्यान्न के उपयोग तक कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल ग्रामीणों की शिकायतों ने विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इनकी प्रतिक्रिया
आभा खरे, एमडीएम अधिकारी, जिला शहडोल ने बताया कि आपके माध्यम से जानकारी सामने आई है। इस संबंध में पहले जानकारी नहीं थी। आप पूरे मामले की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप पर उपलब्ध करा दीजिए। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि विभाग की जांच केवल कागजी खानापूर्ति बनकर रह जाती है या फिर शारदा स्वसहायता समूह के दस्तावेजों, खाद्यान्न के आवंटन और वास्तविक संचालन की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जाती है।
