शहडोल: हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा ईद-उल फितर एवं परशुराम जयंती , जिले में संपन्न हुई शांति समिति बैठक
हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा ईद-उल फितर एवं परशुराम जयंती
जिले में संपन्न हुई शांति समिति बैठक
शहडोल (संजय गर्ग) । जिले मे ईद उल फितर त्यौहार एवं भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर त्योहार हर्षोल्लास, शांति, सद्भावना तथा भाईचारे के साथ मनाने की परंपरा रही है। इस परंपरा को बनाएं रखते हुए आगामी त्योहार ईल-उल फितर तथा परशुराम जयंती के त्योहार भी सभी लोग आपसी भाईचारे से मनाएं तथा शहडोल जिले की शांति प्रिय छवि को आगे बढ़ाए यह अपील कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी वंदना वैद्य की अध्यक्षता मे संपन्न जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा जिलावासियों से की गई।
बैठक में कलेक्टर वंदना वैद्य ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल को निर्देशित किया कि पूर्व कि भांति के त्योहारों के दौरान नमाज अदा किए जाने वाले स्थान एवं मार्गों पर साफ सफाई एवं पानी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सड़कों पर घूमने वाले जानवरों को हटा लिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि ईद-उल फितर के दिन समुदाय के मोहल्ले में प्रातः 5:00 से 6:00 तक नगर पालिका द्वारा पानी की सप्लाई किया जाना सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि परशुराम जयंती के अवसर पर निकाले गए शोभायात्रा के दौरान सड़कों पर किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं फैलनी चाहिए।
साफ सफाई का रखें ध्यान एवं ना हो विद्युत कटौती
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शोभायात्रा के साथ-साथ साफ सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी शहडोल को निर्देशित किया कि दोनों त्यौहारों हेतु अत्यधिक रूप से फैले हुए बिजली के तारों को व्यवस्थित कर लिया जाए। त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत कटौती ना हो। कलेक्टर ने महाप्रबंधक दूरसंचार विभाग शहडोल को निर्देशित किया कि न्यू गांधी चौक से बुढार चौक पर बीएसएनल के तार सड़क पर ओवरहेड स्थिति में है, भगवान परशुराम जयंती की रैली के मार्ग तारों को व्यवस्थित किया जाए।
बनाए रखें कानून व्यवस्था
बैठक में अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा ने कहा कि ईद उल फितर एवं भगवान परशुराम जयंती के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे। त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। अपर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि विद्युत किसी अपरिहार्य कारणों से कटौती आवश्यक हो तो इसकी सूचना पूर्व में ही सर्वसाधारण को दी जाए। उन्होंने कहा कि नमाज अदा किए जाने वाले स्थानों पर नगर पालिका के सहयोग से पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।
अपर कलेक्टर परशुराम जयंती के दौरान गलियों एवं मार्गों में बिजली के तारों को ऊपर उठाने के लिए विभागीय अमले की ड्यूटी लगाई जाएं। अपर कलेक्टर ने उप पुलिस अधीक्षक यातायात शहडोल को निर्देशित किया कि इंदिरा चौक से ईदगाह मार्ग पर काफी समय से खड़ी कार वाहन से मार्ग में व्यवधान को देखते हुए कार हटाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।
पर्याप्त पुलिस बल की जाएगी व्यवस्था
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार वैश्य ने पुलिस व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ईद उल फितर के त्यौहार एवं परशुराम जयंती त्योहार के दिन पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।
दुरुस्त रहेगी यातायात व्यवस्था
उन्होंने बताया कि जिले के सभी मदरसों में पुलिस बल तैनात रहेगी तथा परशुराम जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा के दौरान भी पुलिस की बेहतर व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया पर विवाह कार्यक्रम होने से गार्डन व सड़क में आवागमन ज्यादा होने से यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र द्विवेदी, नगर निरीक्षक योगेंद्र सिंह परिहार, तहसीलदार भरत कुमार सोनी सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
