शहडोल: राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा और साकार किया- अजय अवस्थी
राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा और साकार किया- अजय अवस्थी
शहडोल (संजय गर्ग) । जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व मे जिला काँग्रेस द्वारा जिला काँग्रेस भवन शहडोल मे भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती मनाई गई।
सर्वप्रथम स्व• राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर धूप दीप प्रज्वलित किया गया, तत्पश्चात स्व• राजीव गांधी के द्वारा किए गए जन हितार्थ कार्यों से अवगत कराया गया।
जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि,कुछ लोग ज़मीन पर राज करते हैं और कु्छ लोग दिलों पर, स्वर्गीय राजीव गांधी एक ऐसी शख़्सियत थे, जिन्होंने ज़मीन पर ही नहीं, बल्कि दिलों पर भी हुकूमत की। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी ज़िंदा हैं। राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा था। स्वभाव से गंभीर लेकिन आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले राजीव गांधी देश को दुनिया की उच्च तकनीकों से पूर्ण करना चाहते थे। वे बार-बार कहते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही उनका अन्य बड़ा मक़सद इक्कीसवीं सदी के भारत का निर्माण है। अपने इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने देश में कई क्षेत्रों में नई पहल की,जिनमें संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार,18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि शामिल हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे ने कहा कि,राजीव जी देश की कम्प्यूटर क्रांति के जनक के रूप में भी जाने जाते हैं। वे युवाओं के लोकप्रिय नेता थे। उनका भाषण सुनने के लिए लोग घंटों इंतज़ार किया करते थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में कई ऐसे महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जिसका असर देश के विकास में देखने को मिल रहा है। आज हर हाथ में दिखने वाला मोबाइल स्व• राजीव जी की ही देन है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपनी दूरदर्शी नीतियों से दूरसंचार क्रांति की शुरुआत कर भारत को कंप्यूटर युग से परिचित कराया. राजीव गांधी के आधुनिक विचारों की छाप उनके सुधारवादी कार्यों में देखी जा सकती है. आधुनिक सोच और अद्भुत निर्णय क्षमता वाले भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के विचार आज भी हम सभी का मार्गदर्शन करते हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम ने कहा कि, राजीव गांधी भारत के एक महान सपूत थे जिन्होंने लाखों भारतीयों में आशा जगाई। उनके दूरदर्शी और साहसी हस्तक्षेप भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक थे। इनमें मताधिकार की आयु घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज को मजबूत करना, दूरसंचार और आईटी क्रांति का नेतृत्व करना, कम्प्यूटरीकरण कार्यक्रम लागू करना, निरंतर शांति समझौते करना, एक सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करना और समावेशी शिक्षा पर केंद्रित एक नई शिक्षा नीति लाना शामिल हैं।
शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राम नरेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्र मरावी, जनपद सदस्य विक्रम सिंह,वरिष्ठ कांग्रेसी दिनेश अग्रवाल, एडवोकेट अनुज मिश्रा,अनूप सिंह ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।
तदपरांत जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी का वरिष्ठ कांग्रेसियों द्वारा माल्यार्पण एवं शाल,श्रीफल देकर स्वागत किया गया, अजय अवस्थी ने सर्वप्रथम शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है मै उस पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयत्न करुंगा। जिले के समस्त वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मार्गदर्शन, उनकी राय एवं उनका अनुभव प्राप्त करना चाहुंगा जिससे की आगामी समय मे संगठन को उस मुकाम तक पहुंचाया जा सके जिसका सपना माननीय राहुल गांधी जी ने देखा है।
कार्यक्रम का संचालन पीयूष शुक्ला एवं शिव शंकर शुक्ला ने किया।
कार्यक्रम मे मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे, पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी,वरिष्ठ कांग्रेसी रविंद्र तिवारी,पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, पीयूष शुक्ला, पूर्व पार्षद प्रभात पाण्डेय,एडवोकेट अनुज मिश्रा,राजीव शर्मा,एनएसयूआई प्रदेश महासचिव आशीष तिवारी,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी,शिव शंकर शुक्ला, अनूप सिंह,जनपद सदस्य विक्रम सिंह, जनपद सदस्य अभिषेक द्विवेदी, वरिष्ठ कांग्रेसी हरिमोहन तिवारी,दिनेश अग्रवाल,संजय पटेल, रवि शेखर राव, प्रीतम दास सोनी, जयकरण सिंह, दलप्रताप सिंह, प्रेम धारी सिंह,विवेक तिवारी,ललन सिंह, इकबाल अली,गोविंद साहू,महफूज अली,रमेश अग्रवाल, शरद प्रकाश तिवारी,फूल सिंह, लाल मणि जयसवाल,अजय सनपाल,आदि काँग्रेसजन उपस्थित रहें।
