शहडोल : अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का सम्भागीय सम्मेलन 16 जुलाई को पुरानी पेंशन बहाली की ओर नहीं है शासन का ध्यान : संतोष शर्मा
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का सम्भागीय सम्मेलन 16 जुलाई को ,
पुरानी पेंशन बहाली की ओर नहीं है शासन का ध्यान : संतोष शर्मा
शहडोल (संजय गर्ग) । जहां एक ओर प्रदेश के मुखिया अन्य कर्मचारियों को बिना संघर्ष किये ही भोपाल में महा पंचायत आयोजित कर घोषणाओं का अम्बार लगा कर मांगों को पूर्ण कर रहे है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के लगभग 4.50 लाख नवीन/अध्यापक संवर्ग के लोकसेवक विगत 20 वर्षो से आंदोलनरत है, लेकिन उनकी प्रमुख सेवा अवधि की गणना व पुरानी पेंशन बहाली की ओर शासन ने ध्यान नहीं दिया । इस कारण से प्रदेश के समस्त संघों ने संयुक्त मोर्चा बनाकर सरकार से जल्द से जल्द मांगो का निराकरण करने का आग्रह किया है । प्रदेश के समस्त संभागों में सम्मेलन आयोजित किये जा रहे है और 16 जुलाई को शहडोल मुख्यालय में संभागीय सम्मेलन सम्पन्न होगा । उक्त सम्मेलन में संयुक्त मोर्चा के पांच घटकों के प्रान्तीय अध्यक्षों की मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम होगा साथ ही अन्य जिलों से प्रान्तीय, संभागीय, जिलाध्यक्ष के पदाधिकारी गण भी सम्मिलित होंगे । अतः संभाग के तीनों जिले शहडोल, उमरिया एवं अनूपपुर में कार्यरत नवीन संवर्ग के साथियों से अपील की गई है कि 16 जुलाई 2023 को आयोजित होने वाले संभागीय सम्मेलन में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें । यदि सरकार ने उक्त मांगों का निराकरण शीघ्र नही किया तो प्रदेश का संवर्ग 20 अगस्त से भोपाल में डेरा डालो, घेरा डालों की रणनीति अपनायेगा । उक्ताशय की जानकारी संभागीय अध्यक्ष संतोष शर्मा सदस्य संयुक्त मोर्चा द्वारा दी गई है ।
